कसया (कुशीनगर)। कुशीनगर में सीएम योगी आदित्यनाथ के 17 अक्टूबर को होने वाले आगमन को लेकर जिला प्रशासन के साथ भाजपा पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम स्थल का दौरा प्रारंभ कर दिया है। बुधवार को डीएम व एसपी के अलावा विधायक व भाजपा जिलाध्यक्ष ने तैयारियों की जानकारी ली।
सुबह करीब 11 बजे कुशीनगर के विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी व भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाही ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। दोनों नेताओं ने मौजूद अधिकारियों से तैयारी पर चर्चा भी की। दोपहर बाद करीब तीन बजे डीएम आंद्रा वामसी व एसपी यमुना प्रसाद मौके पर पहुंचे और सीएम के कार्यक्रम में बनने वाले पांडाल, वीआईपी गैलरी, मीडिया गैलरी, पार्किंग स्थल, स्विस काटेज, हैलीपैड स्थल आदि का निरीक्षण किया। नगरपालिका परिषद कुशीनगर के ईओ व एसडीएम ने विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए जमीन चिह्नित कर डीएम को अवगत कराया।