पडरौना। मेडिकल कॉलेज कुशीनगर के हरका परिसर में शनिवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान कर 21 लोग महादानी बने।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. केपी गोड़ ने किया। शिविर में चिकित्सकों एवं तकनीकी स्टाफ की देखरेख में सभी मानकों का अनुपालन करते हुए रक्तदान कराया गया। रक्तदान करने से पहले सभी रक्त दाताओं की स्वास्थ्य जांच की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि रक्तदान सुरक्षित व सरल प्रक्रिया है और एक यूनिट रक्त से कई जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है।
प्राचार्य डॉ. केपी गोड़ ने कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। हमारा एक छोटा-सा प्रयास किसी के जीवन को बचा सकता है, इसलिए सभी को आगे आकर इस कार्य में भाग लेना चाहिए। इस अवसर पर रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित कर उनके प्रति आभार ज्ञापित किया गया। इस मौके पर चिकित्सक सहित एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संवाद