तमकुहीरोड (कुशीनगर)। कप्तानगंज-थावे आमान परिवर्तन के बाद यात्रियों की परेशानियों कम होने की बजाय दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को गोरखपुर से पाटलीपुत्र जाने वाली सवारी गाड़ी 55008 को एक बार फिर निरस्त कर दिया गया। इससे यात्रा करने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगातार ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर पहले से ही ट्रेनों की संख्या कम होने के कारण यात्री काफी परेशान हैं। ऊपर से महीने में छह से सात बार ट्रेनों का अचानक निरस्त होने से यात्रियों की दुश्वारियां और बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को गोरखपुर से पाटलीपुत्र जाने वाली सवारी गाड़ी 55008 को अचानक निरस्त कर दिया गया। स्टेशन मास्टर की ओर से जब ट्रेन निरस्त होने की सूचना दी गई, तो यात्री परेशान हो गए। बिहार में मांगलिक कार्यक्रमों में शामिल होने जा रहे लोगों को काफी परेशान होना पड़ा। दुदही, तमकुहीरोड, तरयासुजान व तिनफेड़िया के स्टेशनों पर यात्री घंटों ट्रेन के इंतजार में खड़े रहे।
स्टेशन पर मौजूद लोगों का कहना था कि लगातार इस रूट पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग की जा रही है। बावजूद इसके विभाग और जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई पहल नहीं की जा रही है। क्षेत्र के जीतू जायसवाल, राहुल सोनी, अमरनाथ वर्मा, कैलाश शर्मा, धर्मदेव साहू, विनोद गुप्ता आदि का कहना था कि महीने में छह से सात बार डेमू और अन्य सवारी गाड़ियों को निरस्त कर दिया जाता है। इससे इस रूट के यात्री उपेक्षित महसूस करते हैं। विभाग इस पर ध्यान दे और ट्रेनों की संख्या बढ़ाये। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार तिवारी का कहना है कि अपरिहार्य कारणों से गोरखपुर-पाटलीपुत्र 55008 सवारी गाड़ी को निरस्त किया गया है। इसकी सूचना यात्रियों को पहले ही दे दी गई थी।