कसया। विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर शनिवार को बुद्ध महापरिनिर्वाण मुख्य मंदिर परिसर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग एवं रोटरी क्लब कुशीनगर के संयुक्त तत्वावधान में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की करीब 200 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में कक्षा 6 में पल्लवी सिंह ने प्रथम, अनुष्का यादव ने द्वितीय तथा राधिका कश्यप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 7 में अन्वी सिंह प्रथम, अमृता सिंह द्वितीय और अंशिका कुशवाहा तृतीय रहीं। वहीं कक्षा 8 में श्वेता पटेल ने प्रथम, उजाला चौहान ने द्वितीय तथा संध्या शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव रहीं। उन्होंने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग एवं रोटरी क्लब के संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए प्रतिभागी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विशिष्ट अतिथि एवं क्लब संरक्षक राकेश जायसवाल ने बच्चों के कलात्मक प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर भंते नंदिका एवं भंते अशोक ने प्रथम स्थान प्राप्त विजेताओं को नगद पुरस्कार प्रदान किया।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के संरक्षण सहायक शादाब खान ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं। रोटरी क्लब के सह संरक्षक वाहिद अली ने कहा कि कला और धरोहर का संरक्षण हमारी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र व नोटबुक देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः साइकिल, टेबल फैन और दीवार घड़ी प्रदान की गई।कार्यक्रम का संचालन वाहिद अली और अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने आभार ने किया।
इस दौरान उद्यान सहायक वीरेंद्र प्रकाश, डीएन सिंह, दीपेश सिंह, रश्मि सिंह तोमर, अरुण वर्मा, अखिलेश शर्मा, पूर्व अध्यक्ष रोटरी बड़ोदरा प्रवीण कुमार गुप्त, अजय सिंह, दिनेश यादव, कृष्ण कुमार चतुर्वेदी, अमरेंद्र सिंह, विजय कृष्ण द्विवेदी आदि मौजूद रहे।