यूएनपीजी कॉलेज पडरौना में संपन्न हुआ छात्रसंघ चुनाव।
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। उदित नारायण पीजी कॉलेज में शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। सुबह दस बजे से शुरू हुए मतदान में छात्र मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। तेज धूप के बाद भी उत्साह से लवरेज नए मतदाताओं ने मतदान किया। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी राजन सोनी के सिर पर जीत का सेहरा बंधा तो उपाध्यक्ष पद पर रामलखन यादव जीते। महामंत्री पद पर आलम अंसारी, पुस्तकालय मंत्री पर अफरेज खान निर्वाचित हुए। कलासंकाय के तीन और एक छात्रावास प्रतिनिधि निर्विरोध निवार्कचित किए गए। इस दौरान कई थानों की पुलिस फोर्स, पीएसी के जवान तैनात रहे।
शुक्रवार को सुबह दस बजे से मतदान शुरू हुआ। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र मतदाताओं को ले आने व ले जाने की जिम्मेदारी उम्मीदवारों के समर्थकों पर रही। उम्मीदवारों से अधिक समर्थकों में उत्साह रहा। अपने उम्मीदवार के पक्ष में कॉलेज रोड पर समर्थक नारेबाजी करते रहे। निर्धारित समय दोपहर दो बजे तक 2807 मतदाताओं में से 1783 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसके बाद दोपहर ढाई बजे से मतगणना का कार्य शुरू हुआ। करीब शाम साढ़े चार बजे चुनाव परिणाम घोषित होते ही निर्वाचित पदाधिकारियों के समर्थक खुशी से उछल पड़े।
इसमें अध्यक्ष पद पर राजन सोनी 541 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी रितेश कुमार दूबे को 123 मतों से पराजित किया। इसी तरह उपाध्यक्ष पद के लिए रामलखन यादव 750 मत पाकर निकटतम प्रतिद्वंदी एजाज अहमद को 178 मतों से पराजित किया। जबकि महामंत्री पद पर आलम अंसारी ने 721 मत हासिल कर 197 मतों के अंत से विवेक कुमार यादव को पराजित किया।
इसी तरह पुस्तकालय मंत्री के पद पर अफरेज खान ने 414 मत प्राप्त किया। इनके निकटतम प्रतिद्वंदी रहे सूरज भारत को 365 मत हासिल हुए। कलासंकाय प्रतिनिधि के लिए अमन शर्मा, नीतू पांडेय, लोकनाथ वर्मा और छात्रावास प्रतिनिधि के लिए अरुण कुमार गोंड़ निर्विरोध निर्वाचित किए गए। प्राचार्य/संरक्षक छात्रसंघ डॉ.अयोध्यानाथ त्रिपाठी, चुनाव अधिकारी डॉ.अशोक कुमार सिंह व सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशुतोष सिंह ने निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र दिया।
इस दौरान चुनाव पर्यवेक्षक जगमोहन त्रिपाठी, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, विजयशंकर लाल श्रीवास्तव, संजय कुमार सिंह, मनोज साहा, शमसेर मल्ल, सीओ नीतेश प्रताप सिंह, कोतवाल विजय राज सिंह समेत पुलिस फोर्स व पीएसी के जवान तथा महिला कांस्टेबल आदि मौजूद रहे।