पडरौना। नगर के उदित नारायण पीजी कॉलेज में बुधवार को ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की ओर से पुलिस की पाठशाला आयोजित हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम, यातायात नियम और महिलाओं से जुड़े अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से किए गए उपायों की जानकारी दी गई।
एसपी अशोक कुमार पांडेय ने अमर उजाला की पहल की सराहना करते हुए कहा कि नियम व कानून लोगों के लिए बने हैं। अगर लोग अपने से इस पर अमल शुरू कर दें तो तस्वीर बदल जाएगी। उन्होंने साइबर क्राइम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि एटीएम कोर्ड चोरी कर व बदल कर, धोखे से धोखे से पिनकोड और ओटीपी की जानकारी हासिल कर धोखाधड़ी की जा रही है। एसपी ने विद्यार्थियों से कहा कि वे इस तरह की घटनाओं से खुद भी सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।
सीओ सदर नितेश प्रताप सिंह ने छात्र-छात्राओं को बाइक व स्कूटी चलाते समय हेलमेट पहनने की सलाह दी। कहा कि सड़क पर यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करने में पुलिस की पाठशाला कारगर साबित हो सकती है। कोतवाल विजयराज सिंह ने कहा कि पुलिस लोगों से जुड़ना चाहती है। लोगों को चाहिए कि वे झिझक छोड़ पुलिस को सूचनाएं दें। उन्होंने बताया कि जो लोग थाने नहीं जा सकते वे डायल 100, ऑनलाइन एफआईआर, आईजीआरएस के जरिए घर बैठे शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।
महिला थाने की एसओ विभा पांडेय ने बताया कि पुलिस महिलाओं को सशक्त बनाने, उत्पीड़न रोकने की कोशिश में जुटी है। उन्होंने आशा ज्योति केंद्र 181, वूमेंस पॉवर लाइन 1090, डायल 100 के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने छात्राओं को चुप्पी तोड़ने की सलाह दी। कहा कि वे आसपास की घटनाओं की सूचना भी तत्काल पुलिस को दें। टीएसआई परमहंस ने बताया कि पुलिस सड़क हादसों में कमी लाने का प्रयास कर रही है। इसके लिए यातायात जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाते हैं। कहा कि पुलिस प्रशासन के प्रयास और लोगों की जागरूकता से इस वर्ष दुर्घटनाओं में कमी आई है।
यूएनपीजी कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. अरुण कुमार सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कॉलेज के प्राचार्य कैप्टन डॉ. अयोध्यानाथ त्रिपाठी ने ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की पहल की सराहना की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी। इस दौरान डॉ. भुआली सिंह, समशेर मल्ल, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, आशुतोष सिंह, अभिषेक मिश्रा, अखिलेश सिंह आदि मौजूद रहे।
क्या बोले विद्यार्थी
- बीए प्रथम वर्ष की छात्रा सुनंदा कुशवाहा ने कहा कि पुलिस की पाठशाला में महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं। एमए अंतिम वर्ष की छात्रा रानी सिंह ने कहा कि एसपी की बातें सुनकर पुलिस के बारे में उनकी सोच बदल गई। बीए प्रथम वर्ष की छात्रा प्रियंका सोनी ने कहा कि पुलिस की पाठशाला में विमेन हेल्प लाइन के बारे में काफी जानकारी मिली। बीकॉम द्वितीय वर्ष के छात्र विकास मोदनवाल ने कहा कि अब वे सोशल मीडिया के प्रयोग में सावधानी बरतेंगे। बीकॉम द्वितीय वर्ष के छात्र आलोक कुमार ओझा ने कहा कि पुलिस को लेकर मन में बैठी झिझक खत्म हो गई। बीए प्रथम वर्ष के छात्र शाहिद रजा ने कहा कि पुलिस की पाठशाला में सारगर्भित जानकारी मिली।