कुशीनगर। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गौरी श्रीराम रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक निजी अस्पताल में बुधवार को इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में पुलिस ने अप्रशिक्षित चिकित्सक, मेडिकल स्टोर संचालक एवं एक अज्ञात व्यक्ति पर गैर इरादतन हत्या, गाली गलौज, मारपीट और मेडिकल एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी अप्रशिक्षित चिकित्सक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
बतरौली धुरखड़वा निवासी 28 वर्षीय राजेंद्र गुप्ता को मंगलवार को बुखार हुआ था। गौरी श्रीराम रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक अप्रशिक्षित डॉक्टर के यहां उसने इलाज कराया। बुधवार को तबीयत बिगड़ गई तो परिजन फिर उसी चिकित्सक के पास ले गए। वहां इलाज के दौरान राजेंद्र की मौत हो गई। इसकी सूचना पर राजेंद्र के घर वाले पहुंचे। तब तक चिकित्सक अस्पताल छोड़ कर भाग गया। घरवाले वहां हंगामा करने लगे। इसकी सूचना पर एसडीएम तमकुहीराज, प्रभारी चिकित्साधिकारी दुदही तथा विशुनपुरा और सेवरही पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी चिकित्सक को हिरासत में ले लिया गया। इस मामले में मृत राजेंद्र की पत्नी की तहरीर पर आरोपी डॉक्टर, मेडिकल स्टोर संचालक एवं एक अज्ञात व्यक्ति पर गैर इरादतन हत्या, गाली गलौज, मारपीट तथा मेडिकल कौंसिल एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए पकड़े गए आरोपी चिकित्सक को जेल भेज दिया गया।