छितौनी बांध पर स्पर धंसा, रिंग बांध पर हो रहा कटान
अमर उजाला ब्यूरो
कुशीनगर। गंडक नदी में एक लाख क्यूसेक से कम पानी होने तथा जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव के चलते कटान की गति बढ़ गई है। शनिवार को खड्डा क्षेत्र में छितौनी बांध के एक स्पर का एप्रन करीब 100 मीटर धंस गया। वहीं, दुदही क्षेत्र में अमवा तटबंध से लगे रिंग बांध पर भी कटान तेज हो गया है।
खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार मदनपुर, भेड़िहारी, भैसहां, हनुमानगंज, माघी, भगवानपुर, लक्ष्मीपुर पड़रहवा आदि गांवों की सुरक्षा के लिए गंडक नदी के किनारे बने छितौनी बांध पर नदी का दबाव बढ़ गया है। बांध के स्पर सी का एप्रन (बोल्डर से बना किनारा) करीब 100 मीटर तक धंस गया है। जानकारी होने पर एसडीएम अरविंद कुमार, बाढ़ खंड के अवर अभियंता रवि कन्नौजिया, जयहिंद भारती आदि ने बांध का निरीक्षण किया। एसडीएम ने मदनपुर गांव के निकट गैनही ड्रेन से जल निकासी की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। इसके बाद छितौनी बांध पर पहुंचकर कटान की स्थिति का जायजा लिया। वीरभार पहुंचे एसडीएम व अवर अभियंताओं ने ठोकर के नोज के क्षतिग्रस्त हिस्से को देखा।
बरवा पट्टी प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार की सुबह नदी ने बरवापट्टी के पास रिंग बांध के 500 मीटर स्लोप को काट दिया। इससे बरवापट्टी व आसपास के गांवों के लोग बाढ़ की आशंका से सहम गए हैं। यहां नदी का दबाव पांच दिन से बना हुआ है।