फाजिलनगर (कुशीनगर)। स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत अभियान के तहत अमर शहीदों के सम्मान में रविवार को जनता इंटरमीडिएट कॉलेज शास्त्रीनगर सोहंग में बालक व बालिका वर्ग की मिनी मैराथन दौड़ हुई। एसपी ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। इसमें देवरिया की बालिका वर्ग में नीतू यादव ने प्रथम पुरस्कार जीता। बालक वर्ग में महराजगंज के राजन यादव अव्वल रहे।
सुबह 10 बजे शुरू हुई इस मिनी मैराथन दौड़ में कुल 130 बालक व 37 बालिकाओं ने भाग लिया। इसमें बालिका वर्ग में देवरिया की नीतू यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं रामपुर कारखाना डुमरी की नंदिनी वर्मा द्वितीय, अलका शर्मा तृतीय, निधि रावत, रोशनी चौधरी समेत कुल 13 बालिकाओं व 13 बालकों को दौड़ में अव्वल आने पर पुरस्कृत किया गया। बालक वर्ग में महराजगंज के राजन यादव प्रथम स्थान, देवरिया के प्रदीप यादव द्वितीय और देवरिया के ही मुन्ना यादव तीसरे स्थान पर रहे। प्रथम विजेता को साइकिल, द्वितीय को बड़ा टेबल फैन, तृतीय विजेता को सीलिंग फैन, चतुर्थ विजेता को ट्रैक सूट देकर पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसपी यमुना प्रसाद ने कहा कि ग्रामीण अंचल में इस तरह के आयोजन होते रहने चाहिए। सेना के जवान धैर्य कुमार सिंह का यह प्रयास सराहनीय है। यही आयोजन आगे चलकर भव्य रूप लेगा। विशिष्ट अतिथि फाजिलनगर प्रधान संघ के अध्यक्ष व नवजीवन इंटर कॉलेज पटहेरवा के प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। मिनी मैराथन क्षेत्र के लिए एक मिसाल है।
इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्रा मुस्कान खातून व निशा खातून के स्वागत गीत से हुई। संचालन राणा तिवारी व विकास तिवारी ने संयुक्त रुप से किया। धैर्य कुमार सिंह, सुभाषचंद्र व चंद्रशेखर सिंह ने अतिथियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम को रामायण सिंह, जिला पंचायत सदस्य विजय यादव, हियुवा के जिला संयोजक चंद्रप्रकाश चमन, ग्राम प्रधान अनिल निर्मल, मनोज तिवारी, दिलीप यादव, अमित मिश्रा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान पृथ्वीराज सिंह, डॉ. मुकेश यादव, हरिकेश यादव, संतोष यादव, रुस्तम, आलम, राज सिंह, अमर सिंह, पवन सिंह, विवेक सिंह आदि मौजूद रहे।