पडराौना में प्रदश्ाऱ्र्शन करती महिलाएं।
- फोटो : कुश्ाीनगर ब्यूरो
पडरौना। नगर के तीन मुहल्लों के लोगों ने रविवार की सुबह छावनी के शिवसागर पोखरा पर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। ये लोग शिवम पार्क के नाम पर कराए गए अधूरे निर्माण पर नाराजगी जता रहे थे। साथ ही यह भी इनकी आपत्ति थी कि तालाब के किनारे चहारदीवारी के चलते छठपूजा के दिन भगवान सूर्य को अर्घ्य देने में कठिनाई होगी। प्रदर्शन में शामिल महिलाएं अर्घ्य देने के लिए बाउंड्री का कुछ हिस्सा तोड़े जाने की मांग कर रही थीं। बाद में निवर्तमान अध्यक्ष के पुत्र के पहुंचकर बाडंड्री तोड़वाने का काम शुरू कराने पर लोग शांत हुए।
पडरौना नगर के छावनी पूर्वी, गायत्री नगर और रफी अहमद किदवईनगर मुहल्ले के ढेर सारे लोग रविवार को सुबह करीब साढ़े आठ बजे शिवसागर पोखरे पर एकत्र हुए। इन लोगों ने कहा कि नगरपालिका परिषद की तरफ से इस पोखरे पर कराए गए बेतरतीब तरीके से निर्माण ने छठ पूजा के लिए आने वाले श्रद्घालुुुओं के लिए समस्या खड़ी कर दी है। सपा के शासनकाल में करीब पौने तीन करोड़ रुपये के निर्माण से प्रस्तावित शिवसागर पार्क का काम तो नगरपालिका प्रशासन ने लगभग तीन वर्ष बाद भी पूरा नहीं कराया, अलबत्ता पार्क के नाम पर चहारदीवारी और थोड़ी सीढ़ियां बनवाकर अपने दायित्वों से इतिश्री कर लिया। अब चहारदीवारी बन जाने से महिला श्रद्घालुओं को भगवान सूर्य को अर्घ्य देने में काफी परेशानी होगी। इनकी मांग थी कि अर्घ्य देने के लिए दीवार का कुछ हिस्सा तोड़ा जाए।
इसकी सूचना मिलने पर नगरपालिका की निवर्तमान अध्यक्ष शिवकुमारी देवी के पुत्र मनीष जायसवाल पहुंचे। उन्होंने मजदूरों को लगाकर चहारदीवारी का कुछ हिस्सा तोड़वाने का आश्वासन दिया। दीवार तोड़ने का काम भी शुरू हो जाने पर श्रद्घालु माने और अपने घर वापस गए। सूचना मिलने पर छावनी पूर्वी के निवर्तमान सभासद प्रमोद श्रीवास्तव, नगरपालिका की पूर्व अध्यक्ष सरोज जायसवाल के प्रतिनिधि विनय जायसवाल सहित अन्य लोग भी पहुंचे थे।
प्रदर्शन करने वालों में नंदा श्रीवास्तवा, तारा देवी, मीना देवी, सोना देवी, गीता देवी, माया देवी, सुनीता देवी, शेषनाथ शर्मा, प्रदीप कुमार, राजू चौधरी, अजय सहित इन मुहल्लों के ढेर सारे लोग शामिल थे।