कुशीनगर। मवन नाले में उफान के चलते आई बाढ़ से प्रभावित कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक दर्जन गांवों में शुक्रवार को एसडीएम की मौजूदगी में राहत सामग्री पहुंचाई। एसडीएम खुद ट्रैक्टर पर सवार होकर अन्य कर्मचारियों के साथ राहत सामग्री लेकर बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे थे। बाढ़ पीड़ितों को खाद्य सामग्री के अलावा जरूरी दवाओं के पैकेट भी दिए गए।
मवन नाले मेें उफान से इंदरपुर, सोहनी, पटखौली, मेहड़ा, पोखरभिंडा, मेहड़ा, सुधियानी, भड़सर खास, नारायण भड़सर सहित कई गांव बाढ़ के पानी से घिर गए थे। इन गांवों के खेतों में खड़ी फसल अब तक पानी में डूबी है। रास्तों पर पानी बहने की वजह से अब भी आवागमन सामान्य नहीं हो पाया है। जलभराव के चलते कई लोग संक्रामक बीमारियों से पीड़ित हैं। शुक्रवार को कप्तानगंज के एसडीएम त्रिभुवन ने बुड़ंतवापुर के तीन टोलों के लोगों के लिए नाव का इंतजाम कराया और इन्हें सुधियानी ढाला पर बुलाकर खाद्यान्न, मिट्टी का तेल, दवाइयां व अन्य जरूरी सामान दिए गए। इसके अलावा एसडीएम त्रिभुवन, तहसीलदार ओमप्रकाश, बीडीओ आनंद प्रकाश, सप्लाई इंस्पेक्टर प्रवीन कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार सुनील कुमार, एसओ आरके यादव, डॉ एसपी सिंह आदि लोग बाढ़ प्रभावित गांवों में गए और पीड़ितों का हाल जानने के अलावा अब तक मिली सुविधाओं की जानकारी ली। लोगों ने मेहड़ा गांव के पास मवन नाले के जलप्रवाह को अवरुद्ध कर मछली मारने की शिकायत की। बताया गया कि इसकी वजह से ही पानी कम नहीं हो रहा है। इस पर एसडीएम के साथ प्रशासनिक अमला मेहड़ा गांव पहुंचा और नाले में लगाए गए जाल व अन्य अवरोधक को हटवाया गया।
इस दौरान भड़सर खास के ग्राम प्रधान राजू सिंह, महेंद्र यादव, हरिलाल यादव, सुरेंद्र गुप्ता, कानूनगो लियाकत अली, लेखपाल अजय राव, बरखू प्रसाद, भिखारी प्रसाद, शिव मुरारी लाल श्रीवास्तव, शिवधन, शंभू दयाल सिंह, राकेश लाल श्रीवास्तव, विपिन मणि, रामाज्ञा प्रसाद सहित तमाम लोग मौजूद थे।