बच्चे को पोलियोरोधी खुराक पिलाते जिलाधिकारी
पडरौना/जानकीनगर। रविवार को फिर पल्सपोलियो अभियान की शुरुआत की गई। जिला अस्पताल में डीएम ने बच्चे को ड्रॉप पिलाकर उद्घाटन किया। इसके बाद जिले भर में पल्सपोलियो बूथों पर बच्चों को खुराक पिलाई गई।
डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह सुबह दस बजे जिला अस्पताल पहुंचे। वहां कैंप में उन्होंने सीएमएस डॉ. बजरंगी पांडेय और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी सहित अन्य लोगों की मौजूदगी में बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई। डीएम ने कहा कि पोलियो को जड़ से खत्म करने के लिए पल्सपोलियो अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई मासूम इस खतरनाक बीमारी की चपेट में न आए। उन्होंने अभियान में लगे सभी कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से भी गुजारिश की कि अपने परिवार के पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चे को पोलियोरोधी खुराक जरुर पिलाएं।
इस दौरान सीएमएस डॉ. बजरंगी पांडेय और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय कुमार गुप्ता ने भी बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई। उन्होंने बताया कि सोमवार से 28 जून तक टीमें डोर टू डोर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाएंगी।
संयुक्त जिला चिकित्सालय में लगाए गए कैंप में 60 बच्चों को दवा पिलाई गई। इसके अलावा जिले भर के बूथों पर भी पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाई गई। संयुक्त जिला चिकित्सालय में कैंप के दौरान एएनएम रिंकी देवी, बिंदू देवी, आशा विमला देवी, अनीता देवी, शकुंतला मिश्रा, शबनम आदि मौजूद रहीं।