शराब की दुकान हटाने के लिए फिर सड़क जाम
पडरौना-जटहां मार्ग पर धरना पर बैठ गईं महिलाएं
अमर उजाला ब्यूरो
जटहां बाजार। भैरोगंज बाजार से सरकारी देसी शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर शनिवार की शाम को एक बार फिर महिलाओं ने पडरौना-जटहां मार्ग बाजार में जाम कर दिया। उसके बाद धरना पर बैठ गईं। करीब एक घंटा बाद मौके पर पहुंची पुलिस के समझाने के बाद महिलाएं मानीं और जाम समाप्त किया। इसके बाद आवागमन शुरू हो सका। पुलिस देसी शराब की दुकान से पांच व्यक्तियों को शराब पीते समय पकड़कर साथ लेती गई। उन पर महिलाओं को उकसाकर बेवजह धरना कराने का शक था।
जटहां बाजार थाना क्षेत्र के भैरोगंज बाजार में कई वर्षों से सरकारी देसी शराब की दुकान संचालित होती है। एक हफ्ता पूर्व महिलाओं ने शराब की दुकान हटवाने के लिए रास्ता जाम किया था। एसओ के आश्वासन पर पर जाम समाप्त हुआ था। शनिवार की शाम करीब पांच बजे एक बार फिर महिलाएं देसी शराब की दुकान के सामने पडरौना-जटहां मार्ग जाम कर धरना पर बैठ गईं। धरना दे रहीं रंभा देवी, सरोजनी, गुलाइची, नीलम, सलहंती, कमलावती, मराछी, गुलपति, दुर्गावती, धर्मा देवी, पूनम, माया देवी, ज्ञांती देवी का कहना था कि उनके परिवार के लोग जो भी कमाते हैं, सारा रुपया शराब पीकर समाप्त कर देते हैं। शराब के नशे में रोज मारपीट करते हैं और भूखों सोने के लिए विवश कर देते हैं। महिलाओं की मांग थी की शराब की दुकान को यहां से हटाया जाए।
करीब एक घंटा बाद एसआई रवि भूषण राय पहुंचे और महिलाओं को समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस शराब की दुकान में शराब पी रहे पांच व्यक्तियों को पकड़कर साथ ले गई। धरना के कारण दोनों तरफ सड़क पर जाम लग गया था। इससे राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गुमटी हटाने के विरोध में दुकानदारों का हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
अहिरौली बाजार। जगदीशपुर में सड़क किनारे स्थित गुमटी हटाए जाने से नाराज दुकानदारों ने शनिवार की शाम पिपराइच-कप्तानगंज मार्ग को जाम कर दिया। लोगों की नाराजगी को देखते हुए दुकान हटवाने वाले अधिकारी-कर्मचारी वहां से चलते बने। एसडीएम और तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और आवागमन बहाल हो सका।
सड़क के किनारे इसी गांव के संतोष पांडेय का नवनिमिरत मकान है। इसकी थोड़ी दूर पर अपनी गुमटी सड़क के किनारे रखकर जीविकोपार्जन करते हैं। आरोप है कि शनिवार को लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन के आदेश के साथ विभागीय अमीन, राजस्व विभाग के कानूनगो अरविंद पांडेय एवं अहिरौली थाने की पुलिस पहुंची और सड़क के किनारे स्थित गुमटी उजड़वाने लगी। यह देख अन्य दुकानदार नाराज हो गए और अपने परिवारीजनों के साथ पिपराइच-कप्तानगंज सडक़ को जाम कर दिया। मौके की नजाकत को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार खिसक लिए। गुमटी दुकानदारों की यह मांग थी कि उन्हें वहां से उजाड़ा न जाए, क्योंकि उनके लोगों के सामने भूखमरी की समस्या उत्पन्न हो जाएगी। सड़क जाम कर रहे दुकानदार सड़क पर ही लेटे रहे। सूचना पर एसओ केके राणा मयफोर्स पहुंचे और जाम लगाए लोगों से वार्ता की, लेकिन गुमटी दुकानदारों ने सड़क जाम जारी रखा। तब एसडीएम कप्तानगंज अनवर राशिद फारुकी तहसीलदार कप्तानगंज के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जाम लगाए लोगों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि अगर गुमटी उजड़ेगी तो अवैध अतिक्रमण किए सभी लोगों की गुमटियां हटाई जाएंगी। इस आश्वासन के बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त किया।
मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक रामानंद बौद्ध ने कहा कि सिर्फ तीन गुमटी नहीं हटेगी। पीडब्ल्यूडी की जमीन है। हटेगी तो सड़क के किनारे की सभी दुकानें साफ होंगी। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रही।