33 करोड़ से सड़कें चमकाने का काम शुरू
20 करोड़ रुपये की नई परियोजनाएं शामिल की गई हैं
जिला पंचायत में 2.08 करोड़ से रिसोर्स भवन बनेगा
फोटो है।
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। जिला पंचायत में 33 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के टेंडर की तारीख तय कर दी गई है। प्रशासक के तौर डीएम के साथ अपर मुख्य अधिकारी की देखरेख में सोमवार से टेंडर के लिए आवेदन पत्रों की बिक्री शुरू कर दी गई। कुल 325 परियोजनाओं के लिए टेंडर एक और दो अगस्त को डाले जाएंगे। इसके लिए भारी सुरक्षा के बीच सोमवार से आवेदन पत्रों की बिक्री शुरू कर दी गई।
जिला पंचायत में पिच सड़कें, खड़ंजा और इंटरलॉकिंग के काम के लिए सदस्यों की तरफ से 325 परियोजनाओं का प्रस्ताव सौंपा गया था। परियोजनाएं स्वीकृत होने के बाद अब टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इनमें 85 परियोजनाएं 10 लाख रुपये से ऊपर तथा 240 परियोजनाएं 10 लाख रुपये से कम की हैं। कुल 33 करोड़ रुपये की इन सभी परियोजनाओं में 20 करोड़ रुपये के नए काम, दो करोड़ आठ लाख रुपये से जिला पंचायत कार्यालय परिसर में रिसोर्स सेंटर का भवन और शेष रकम से अनुरक्षण (मरम्मत) सहित अन्य कार्य कराए जाने हैं।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी अमित राज सिंह ने बताया कि टेंडर एक और दो अगस्त को पड़ेगा। दस लाख रुपये से कम की परियोजनाओं का टेंडर एक अगस्त और इससे अधिक की धनराशि के टेंडर दो अगस्त को डाले जाएंगे। टेंडर की पूरी प्रक्रिया डीएम की तरफ से नामित मजिस्ट्रेट विपिन कुमार की मौजूदगी में संपन्न होगी। इसमें पिच सड़कें, इंटरलॉकिंग और खड़ंजा कार्य के लिए टेंडर डाले जाने हैं। उन्होंने बताया कि डीएम ने फार्म वितरण और टेंडर प्रक्रिया नियमानुसार संपन्न कराने का निर्देश दिया है।