कुशीनगर। दुदही क्षेत्र के गौरी जगदीश और चौबेया पटखौली गांव में सौ से अधिक लोग बुखार व उल्टी - दस्त से पीड़ित हैं। सूचना देने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी गांव में नहीं पहुंचा है। इस वजह से लोगों को निजी चिकित्सकों से इलाज कराना पड़ रहा है।
गौरी जगदीश गांव की बिंद टोली, शर्मा टोला, सिसवनिया, दलित बस्ती, गौरी जगदीश बाढ़ से प्रभावित है। वहीं चौबेया पटखौली गांव के लाला टोला, दक्षिण टोला, चौबेया समेत कई टोलों के अगल - बगल अब भी पानी भरा हुआ है, जिससे इन गांवों के लोग बुखार और उल्टी - दस्त आदि बीमारी से जूझ रहे हैं। बिंद टोली के बृजेश (15), अनिल (12), शिशुपाल (10), गुलाब (02) वर्ष, फूलपति (50), शनि (05), कृष्णा (01), प्रिंस (01), चंडी (40), दु:खी (35), सचिन (14), लालमुनि (55), राजकुमार (06), आकाश (06), सुनरपति (45), मनोरमा (30), ज्योति (16), मधु (14), सुलोचना (08), प्रमिला (15), फूलवंती (05) परशुराम (05) समेत 90 लोग बुखार उल्टी से पीड़ित हैं। इसके अलावा सिसवनिया में 20 तथा अन्य टोलों में कई लोग इन बीमारियों से जूझ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग कोई भी टीम इन गांवों में नहीं पहुंची। जिसके चलते बीमार लोगों को निजी चिकित्सकों की शरण लेनी पड़ रही है जबकि इस गांव की दोनों आशा और एक एएनएम की तरफ से भी स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई है।
इस संबंध में दुदही सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एके पांडेय का कहना है कि सूचना मिली है। गांव में टीम भेजी जा रही है।