कुशीनगर। तमकुही क्षेत्र के ग्राम सभा पगरा पड़री के कुछ लोगों ने शरीर में तार लपेटकर बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इनका कहना था कि यह हाइटेंशन तार टूटकर गिर जाने से गांव में तीन दिन से बिजली आपूर्ति ठप है। इन लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
पगरा पड़री गांव में 11 हजार वोल्ट का तार टूटकर गिर जाने से तीन दिन पहले बिजली आपूर्ति ठप हो गई। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने उसे ठीक नहीं किया। इससे गर्मी के कारण लोगों का जीना मुहाल हो गया है। ग्राम प्रधान फतेह बहादुर कुशवाहा का आरोप था कि फाल्ट ठीक करने के लिए विभाग को सूचना देने के बाद भी समस्या दूर नहीं की गई। विभाग पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए ग्राम प्रधान की अगुवाई में उपभोक्ताओं ने हाइटेंशन तार को शरीर में लपेटकर लगभग दो घंटे तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान अविलंब नहीं कराया गया तो सब स्टेशन गुरवलिया का घेराव करेंगे। प्रदर्शन के दौरान डोमा, दुर्गेश गोंड, सिकंदर, अनुज, गुड्डू, अजय शर्मा, विरेश कुशवाहा, विवेक पांडेय आदि मौजूद थे। उधर, इस संबंध में जेई राजेश मौर्या का कहना था कि मामले की जानकारी नहीं थी। फाल्ट को शीघ्र ठीक कराकर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।