फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंडक नदी से जल लेकर कुबेरस्थान जा रहे थे श्रद्घालु

विज्ञापन
विज्ञापन
कुशीनगर। गंडक नदी से जल लेकर कुबेरस्थान शिव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे 15 श्रद्धालु शुक्रवार की सुबह सरया खास गांव के पास विद्युत स्पर्शाघात के चलते गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से 12 वर्षीया बच्ची की मौत हो गई। अन्य 14 लोगों को संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जिनमें से सात लोगों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। हादसा इन श्रद्धालुओं की ट्राली पर बंधे डीजे की पाइप सड़क किनारे लगे बिजली के 11 हजार वोल्ट तार से छू जाने की वजह से हुआ। इस मामले में कुबेरस्थान थाने में क्षेत्र के बिजली विभाग के एसडीओ, जेई व लाइनमैन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कराया गया है।
विज्ञापन

कुबेरस्थान व कठकुइयां प्रतिनिधियों के अनुसार पडरौना कोतवाली के गांव जंगल बेलवा के टोला कटनवार और उससे सटे ग्राम पंचायत जंगल अमवा के 60-70 लोग बृहस्पतिवार की शाम अपने घरों से गंडक नदी के किनारे पहुंचे और वहां से शुक्रवार की भोर में जल भरकर कुबेरस्थान शिव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे थे। इन श्रद्धालुओं के साथ चल रहे एक ट्रैक्टर-ट्राली पर डीजे बंधा हुआ था। कई लड़कियों समेत 15 लोग इस ट्राली पर सवार थे और बाकी लोग उसके पीछे नाचते-गाते जयकारा लगाते पैदल चल रहे थे। कटनवार गांव से सिधुआं स्थान के रास्ते कुबेरस्थान मेन रोड तक जाने वाले संपर्क मार्ग पर ये श्रद्धालु आगे बढ़ रहे थे। सुबह करीब पौने सात बजे कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के गांव सरया खास के पास इनकी ट्राली पर बंधे डीजे की पाइप सड़क किनारे लगे 11 हजार वोल्ट के तार से छू गई। उस वक्त तार में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसके कारण पाइप व ट्राली में भी करंट उतर गया। ट्राली पर बैठी 16 वर्षीया रीमा कुमारी, 15 वर्षीया किशनावती, 21 वर्षीया कुमारी लालसा, 16 वर्षीया कुमारी पूजा, 40 वर्षीय श्रीनिवास, 35 वर्षीया श्रीमती देवी, 18 वर्षीया चंदा, 20 वर्षीया कुमार सिरजावती, 35 वर्षीय राजू, 25 वर्षीय प्रवीन चौहान, 22 वर्षीय हरिराम, कुमारी माधुरी, 35 वर्षीया सीमा देवी, 12 वर्षीया अनीता और 13 वर्षीय बादल झुलस गए। चीख पुकार सुनकर वहां मौजूद सरयाखास गांव के लोगों ने सूखे बांस से प्रहारकर तार को हटाया। इस हादसे के तुरंत बाद तार में फाल्ट की वजह से बिजली सप्लाई बंद हो गई। लोगों की सूचना पर पहुंची 100 नंबर की गाड़ी और एंबुलेंस से झुलसे सभी को संयुक्त जिला चिकित्सालय भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने 12 वर्षीया कुमारी अनीता को मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा कुमारी लालसा, पूजा, माधुरी, श्रीमती देवी, चंदा, प्रवीन और हरिराम को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर सीओ सदर और एसओ अमित कुमार राय भी मौके पर पहुंचे और उपस्थित लोगों से मामले की जानकारी ली।
एसओ अमित कुमार राय ने बताया कि इस मामले में सरया खास निवासी सनत पांडेय की तहरीर पर बिजली विभाग के एसडीओ, जेई व लाइनमैन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन

डीएम आंद्रा वामसी का कहना है कि यह एक दुर्घटना है, जो ट्राली पर अधिक ऊंचाई तक डीजे बांधने के चलते हुई। हादसे में झुलसे लोगों के त्वरित इलाज की समुचित व्यवस्था कराई गई है। जिनकी हालत ज्यादा नाजुक थी, उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहां भी उन्हें समुचित चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें