गंडक नहर की पटरी के चौड़ीकरण के लिए कटेंगे 1100 वृक्ष
विधायक की मांग पर डिप्टी सीएम ने चौड़ीकरण के लिए दी थी मंजूरी
नेपाल से कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को जोड़ने व सामरिक दृष्टि से मार्ग महत्वपूर्ण
संवाद न्यूज एजेंसी
पकड़ियार बाजार। मुख्य पश्चिमी गंडक नहर की पटरी का चौड़ीकरण शुरू हो गया है। एक लेन की जगह दो लेन बनने से सड़क की जद में आ रहे खड्डा वन रेंज में लगभग 1100 हरे पेड़ों पर आरा चलेगा।
क्षेत्रीय विधायक जटाशंकर त्रिपाठी की मांग पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने महराजगंज के चंदा गुलरभार रेगुलेटर से पडरौना तक मुख्य पश्चिमी गंडक नहर की पटरी का चौड़ीकरण किए जाने की मंजूरी दी थी। नेपाल से कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को जोड़ने और सामरिक दृष्टि से भी यह मार्ग महत्वपूर्ण है। इसके तहत महराजगंज बार्डर से पडरौना तक लगभग 40 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का चौड़ीकरण का कार्य शुरु हो गया है। इस समय नहर की पटरी व दूसरे लेन के लिए गिट्टियां गिराई जा रही हैं। एक लेन की पटरी के किनारे पहले से मौजूद हरे बृक्ष चौड़ीकरण के जद में आने लगे हैं। सड़क में पड़ने वाले पेड़ों को चिह्नित कर वन विभाग उस पर निशान लगा दिया है। खड्डा रेंजर वीके यादव का कहना है कि चौड़ीकरण के चलते खड्डा रेंज में 1100 पेड़ जद में आ रहे हैं। उन्हें चिह्नित कर लिया गया है। जल्द कटान शुरू होगी।