जनपद में 11 लोग मिले कोरोना से संक्रमित
- तीसरी लहर में अब तक 723 लोग हो चुके हैं संक्रमित
- जिले में कोरोना से छह लोगों की हो चुकी है मौत, घटकर 122 हुए एक्टिव पॉजिटिव केस
कुशीनगर। जिले में सोमवार को 11 नए लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। इनमें सबसे अधिक नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में संक्रमित मिले हैं। अब एक्टिव पॉजिटिव मरीजों की संख्या 122 है।
सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने सोमवार की शाम को बताया कि 3,106 सैंपल आरटीपीसीआर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि 2,274 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई। इसमें 2,263 निगेटिव और 11 पॉजिटिव केस हैं। संक्रमित मिलने वालों में कप्तानगंज क्षेत्र से एक, खड्डा से दो, नेबुआ नौरंगिया से पांच, रामकोला से एक और अन्य क्षेत्र से भी एक व्यक्ति शामिल है। अब जिले में एक्टिव पॉजिटिव मरीजों की संख्या घटकर 122 हो गई है।
सीएमओ ने बताया कि कोरोना महामारी की तीसरी लहर में छह लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा तीसरी लहर में 1,43,207 लोगों की कोरोना जांच कराई गई है। इनमें 723 लोग संक्रमित मिले हैं, जबकि 595 लोग स्वस्थ हुए हैं। सीएमओ ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण दर 0.50 प्रतिशत और ठीक होने वालों की दर 82.29 प्रतिशत है। मृत्यु दर 0.85 प्रतिशत है। सीएमओ ने कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जनपद के लोगों से कोविड गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है।