102 नंबर के एंबुलेंसकर्मी ने दी आत्महत्या की चेतावनी, ऑडियो वायरल
कुशीनगर। 102 नंबर के एंबुलेंस के एक कर्मचारी ने बिना अवकाश दिए लगातार ड्यूटी लेने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या की चेतावनी दी है। यह आरोप उसने सेवा प्रदाता कंपनी के अधिकारियों पर लगाया है। उसका एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें उसने रो-रोकर ड्यूटी के नाम पर शोषण का आरोप लगाते हुए आत्महत्या करने की चेतावनी दी है।
आरोप लग रहा है कि प्रधानमंत्री मातृत्व अभियान के दिन एंबुलेंसकर्मियों से फर्जी रूप से आंकड़े बढ़ाने के लिए उन पर दबाव बनाया गया। उन्हें एक दिन में 45 से 40 केस अस्पताल पहुंचाने का निर्देश दिया गया। इन्हीं में से एक एंबुलेंसकर्मी का रो-रोकर शोषण किए जाने का आरोप लगाने का ऑडियो वायरल हो रहा है। एंबुलेंस कर्मी ने अपना नाम राहुल कुमार बताते हुए खुद को हाटा क्षेत्र का एमटीजी बताया है। ऑडियो में उसने कहा है कि उसके घर में छठ पर्व है, लेकिन छुट्टी नहीं दी गई। प्रतिदिन 45 से 50 केस लाने को कहा जा रहा है, जबकि मरीज मिल नहीं रहे हैं। अपनी बेबसी उच्चाधिकारियों को बताई तो उसे टर्मिनेट करने की धमकी देते हुए सीयूजी नंबर जमा करने का आदेश दिया गया। उसने नौकरी छिन जाने की आशंका जताते हुए आत्महत्या करने की चेतावनी दी है। सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया का कहना है कि यह एंबुलेंस चालकों की सेवा प्रदाता कंपनी का इश्यू है। इस बारे में वह कुछ नहीं कह सकते।