दुदही। सीएमओ डा. चन्द्र प्रकाश ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुदही का निरीक्षण किया। इस दौरान दो स्टाफ नर्स सहित कुल 10 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीएमओ ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया, जिससे स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान सबसे पहले उपस्थिति पंजिका की जांच की गई। इसमें लिपिक साकेत कुमार श्रीवास्तव, वार्ड बॉय आरपी सिंह, लैब टेक्नीशियन शिवानंद तिवारी, हाइजिनिस्ट सर्वेश सिंह, स्टाफ नर्स फुल कुमारी पांडेय, ममता चौहान, सौरभ त्रिपाठी सहित 10 कर्मी अनुपस्थित दर्ज मिले।
मौके पर स्टाफ नर्स फुल कुमारी पांडेय, ममता चौहान, एलटी शिवानंद तिवारी और वार्ड बॉय आरपी सिंह अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए पाए गए, लेकिन उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर न करने पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई। इसके बाद सीएमओ ने लेबर रूम का निरीक्षण किया और स्टाफ नर्सों से प्रसव संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रसव के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं को शासन द्वारा प्रदत्त सभी सुविधाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
मरीजों को बाहर से दवा लिखने पर फटकार लगाते हुए फार्मासिस्ट से उपलब्ध दवाओं की सूची प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही सीएचसी के वार्डों और परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अमित राय मौजूद रहे।