कसया। थाईलैंड के डिप्टी पीएम बोरवॉर्नसाक युवान्नो ने बुधवार को भगवान बुद्ध के दर्शन कर चीवर चढ़ाया और विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने विश्व शांति, सद्भाव और मानव कल्याण की कामना की। डिप्टी पीएम मंगलवार को कुशीनगर पहुंचे थे। बुधवार सुबह उन्होंने महापरिनिर्वाण मंदिर में विधिवत पूजा की। पूजा-अनुष्ठान का संचालन थाई के प्रतिष्ठित बौद्ध भिक्षु फ्रा सोमदेज के नेतृत्व में किया गया।
दर्शन-पूजन के समय थाई प्रतिनिधिमंडल, बौद्ध भिक्षु और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। डिप्टी पीएम ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष ध्यान किया और बौद्ध धर्म के शांति, करुणा और अहिंसा के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया। इस यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।