उत्तर प्रदेश के नौहझील में आयोजित सभा में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बीजेपी के पीएम इन वेटिंग नरेंद्र मोदी और उनके गुजरात मॉडल पर जमकर बरसे। उन्होंने एक बार फिर मोदी को उद्योगपति मुकेश अंबानी और अदानी का एजेंट बताया। कहा कि गुजरात का विकास यही है कि वहां का किसान खून के आंसू रो रहा है।
केजरीवाल ने कहा कि यूपी और गुजरात में यह समानता है कि दोनों जगह कानून नाम की चीज नहीं है। मोदी के मुख्यमंत्री रहते गुजरात में 800 किसानों ने पिछले 10 वर्ष में आत्महत्या की है। इसके बावजूद भाजपा मोदी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती है, क्योंकि भाजपा सांप्रदायिकता का डर दिखाकर देश को बर्बाद करना चाहती है।
मोदी ने किसानों के लिए दी जा रही सब्सिडी को पूरी तरह बंद कर दिया है। केजरीवाल ने सभा के आयोजक चौधरी रामबाबू सिंह कटैलिया की प्रशंसा करते हुए उनके द्वारा किए गए आंदोलनों के लिए धन्यवाद दिया और उनसे घर-घर जाकर आम आदमी पार्टी के लिए कार्य करने को कहा।
इससे पूर्व मनीष सिसौदिया ने कहा कि जमींदार होना इस देश में सबसे बड़ी लाचारी है। किसानों से जमीन छीनने की साजिश हो रही है। वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने अखिलेश सरकार, मायावती, बीजेपी को निशाना बनाया।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भारत की निवर्तमान संसद में 162 सांसद अपराधी और दागी हैं। कार्यक्रम के आयोजक रामबाबू सिंह कटैलिया ने अपने द्वारा किए गए आंदोलनों की कहानी मंच के माध्यम से आप नेताओं के सामने रखी।
सभा की अध्यक्षता किशन लाल अग्रवाल, संचालन महावीर सिंह ने किया। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के जिला संयोजक ललित मोहन शर्मा, दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. शमीम अहमद, डॉ. मुकेश भारद्वाज, शाबिर राही, छात्र नेता जियाउर्रहमान, अमित गोस्वामी आदि मौजूद रहे।
मीडिया पर भी बरसे
केजरीवाल ने नरेंद्र मोदी को मीडिया का प्रत्याशी बताया। उन्होंने कहा कि अंबानी और अदानी का मीडिया में वर्चस्व हो गया है। इसीलिए मीडिया ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का अभियान चला रखा है।
शहीद आईपीएस नरेंद्र कुमार को दी श्रद्धांजलि
नौहझील में सभा करने के बाद मध्य प्रदेश में खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई के दौरान शहीद हुए आईपीएस नरेंद्र कुमार को श्रद्धांजलि देने उनके गांव लालपुर बाजना गए। उन्होंने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। नरेंद्र कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश ने एक होनहार आईपीएस इसलिए खो दिया, क्योंकि मध्य प्रदेश सरकार के खनन माफिया से रिश्ते थे।