पांच सौ रुपये के लिए युवक की गोली मारकर हत्या
हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर मां, पिता व पड़ोसी को भी किया घायल
कोखराज के नरवर पट्टी गांव की घटना, चार के खिलाफ केस दर्ज, तीन गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर/कल्यानपुर। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के नरवर पट्टी गांव में रविवार रात रुपयों के विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने युवक के पिता-माता व पड़ोसी को भी धारदार हथियार से हमला करके घायल कर दिया। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर लिखकर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
नरवर पट्टी निवासी लालता प्रसाद (36) खेती करके परिवार का खर्च चलाता था। बताया जाता है कि पड़ोसी भूप सिंह से पांच सौ रुपये को लेकर उसका विवाद चल रहा था। इसे लेकर इनके बीच आए दिन कहासुनी होती थी। रविवार रात भी बहस होने लगी। आरोप है कि तभी भूप की तरफ के लोग लाठी-डंडा, फरसा, तमंचा आदि लेकर आ गए और लालता पर हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता श्यामलाल, माता रामपति तथा पड़ोसी धर्म सिंह को भी पीटकर घायल कर दिया। हमलावरों ने लालता को तमंचे से गोली मार दी। पेट में गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजन उसे लेकर अस्पताल जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है। उधर सनसनीखेज घटना की जानकारी मिलते ही एसपी प्रदीप गुप्ता ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। कोखराज पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई राजेश की तहरीर पर आरोपी भूप सिंह उसके भाई हरम सिंह, कल्लू व कल्लू के पिता मुन्नीलाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। मंगलवार केे एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि भूप सिंह, कल्लू तथा मुन्नीलाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। हरम भी मारपीट में घायल हुआ था। उसका पुलिस अभिरक्षा में इलाज कराया जा रहा है।
----
इनका कहना है
एफआईआर लिखकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। चौथे का इलाज कराया जा रहा है। इसके बाद उसे भी जेल भेजा जाएगा। दोनों पक्ष झगड़े के वक्त नशे की हालत में थे। पांच सौ रुपये को लेकर विवाद हुआ था।
प्रदीप गुप्ता-एसपी