युवक ने ट्रेन के सामने लगाई छलांग, मौत
- चरवा इलाके के मनोहरगंज रेलवे स्टेशन के समीप हुई घटना, कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। चरवा इलाके में मनोहरगंज रेलवे स्टेशन के समीप रविवार सुबह बीवी से झगड़े के बाद एक अधेड़ ने ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। जिससे उसके चीथड़े उड़ गए। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
कड़ा धाम कोतवाली क्षेत्र के सौरई बुजुर्ग गांव का जगजीत प्रसाद (45) किसानी करके परिवार का खर्च चलाता था। उसकी ससुराल कोखराज इलाके के मितवापुर गांव में है। बताया जाता है कि शनिवार को जगजीत बीवी के साथ ससुराल गया था। रविवार सुबह किसी बात को लेकर पत्नी से उसका झगड़ा हो गया। इसी के बाद तैश में आकर वो मनोहरगंज रेलवे स्टेशन के समीप पहुंचा और ट्रेन के सामने कूद गया। हादसे में मौके पर ही जगजीत की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिजन बदहवाश हालत में मनोहरगंज पहुंचे। सूचना पाकर पहुंची जीआरपी ने जांच के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार वालों की रो-रोकर हालत खराब है।