यूपी-100 पुलिस ने मनोरोगी को बंधक बनाकर पीटा
पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के महगांव का मामला, गाड़ी में पत्थर फेंकने पर बिफरे
घायल निजी अस्पताल में भर्ती, जानकारी से इनकार कर रहे जिम्मेदार
अमर उजाला ब्यूरो
चायल। पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के महगांव में शनिवार शाम गाड़ी पर पत्थर फेंकने से नाराज पुलिस वालों ने एक मनोरोगी को बंधक बनाकर पीटा। मरणासन्न अवस्था में उसे ट्राली से घर भेजवाकर फरार हो गए। पीड़ित को नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिम्मेदार अधिकारी घटना की जानकारी से ही इनकार कर रहे हैं।
महगांव निवासी सुफियान (24) पुत्र मुश्ताक की दिमागी हालत करीब तीन महीने से खराब चल रही है। परिजन इलाज के साथ झाड़फूंक भी करा रहे हैं। परिवार वालों ने बताया कि सुफियान किसी को कुछ बताए बिना घर से निकल जाता है और इधर-उधर घूमकर उल्टी-सीधी हरकतें करता रहता है। इसे लेकर कई बार झगड़ा तक हो चुका है। शनिवार शाम सुफियान गांव में घूम रहा था। तभी यूपी-100 पुलिस पहुंच गई। मानसिक हालत ठीक नहीं होने के कारण सुफियान ने पुलिस की गाड़ी में पत्थर मार दिया। इसी से नाराज दरोगा-सिपाही पकड़कर उसे गांव के बाहर स्थित एक बंद ढाबे पर ले गए। वहां बंधक बनाकर डंडे से पीटा। फिर बेहोशी मरणासन्न अवस्था में तिपहिया ट्राली से घर भेज दिया। घायल मनोरोगी को देख परिवार वालों की चीख निकल पड़ी। उन्होंने उसे नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। मामले में अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार का कहना है कि प्रकरण संज्ञान में नहीं है। जांच कराकर आरोपी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।