युवक की मौत के बाद अस्पताल के बाहर रोते-बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : File Photo
सैनी कोतवाली क्षेत्र के सिराथू स्थित निजी अस्पताल में शनिवार को इलाज के दौरान 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के काजीपुर निवासी शिव बाबू के गले में समस्या होने पर परिजन उसे इलाज के लिए सिराथू कस्बा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद शिवबाबू की हालत बिगड़ गई और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। आरोप है कि मौत के बाद भी अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को तत्काल जानकारी नहीं दी और युवक को भर्ती दिखाकर उपचार जारी रहने का दावा किया।
इस पर परिजन आक्रोशित हो उठे तो अस्पताल प्रबंधन के साथ मारपीट शुरू हो गई। घटना के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली के चलते स्थानीय लोगों में आक्रोश है। परिजनों और ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी सिराथू सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि अस्पताल में मरीज की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवक की मौत के बाद अस्पताल के बाहर रोते-बिलखते परिजन। संवाद- फोटो : File Photo