ईयरफोन लगाकर ट्रैक पार कर रहे युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत
कोखराज कोतवाली के भरवारी रेलवे क्रासिंग पर सोमवार को हुआ हादसा
भरवारी। स्थानीय रेलवे क्रासिंग पर सोमवार को एक युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इससे उसके चीथड़े उड़ गए। युवक कान में ईयरफोन लगाकर रेलवे फाटक पार कर रहा था। सूचना पर मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के जमलामऊ गांव निवासी जितेश पाठक (28) सोमवार को किसी काम से भरवारी गया था। बताया जाता है कि वह कान में ईयरफोन लगाकर बंद रेलवे क्रासिंग पार कर रहा था। इसी बीच प्रयागराज की तरफ से मालगाड़ी आ गई। कान में ईयरफोन लगा होने के कारण उसे मालगाड़ी की आवाज सुनाई नहीं दी। नतीजतन जितेश मालगाड़ी की चपेट में आ गया और उसके चीथड़े उड़ गए। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव की शिनाख्त होने के बाद जानकारी परिजनों को दी गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पहुंचे। जीआरपी सिराथू ने पंचनामा कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।