मंझनपुर कोतवाली के टेंवा पुलिस चौकी के सामने मंगलवार शाम पड़ोसियों ने तीन युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान पुलिस तमाशबीन बनी रही।
दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
टेंवा बाजार निवासी वंश केसरवानी पुत्र प्रकाश चंद्र ने बताया कि मंगलवार दोपहर वह किसी काम से स्थानीय बाजार गया था। वहां पुलिस चौकी के सामने गांव के ही हेमंत श्रीवास्तव, नितेश श्रीवास्तव, अरविंद यादव और रोहित यादव मिल गए। आरोप है कि इन चारों ने पुरानी बातों को लेकर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया।
विरोध करने पर पिटाई करने लगे। बीचबचाव करने पर गांव के प्रियांशू सिंह व आलोक सिंह को भी पीटा। ग्रामीणों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। इंस्पेक्टर संजय तिवारी ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराने के साथ ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।