पत्नी की बेवफाई से युवक ने कुएं में कूदकर दी जान
सरायअकिल कोतवाली के भखंदा उपरहार गांव में रविवार रात हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
कनैली। सरायअकिल कोतवाली के भखंदा उपरहार गांव में रविवार की रात पत्नी की बेवफाई से आहत एक युवक ने कुएं में कूदकर जान दे दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को कुएं से बाहर निकाला।
भखंदा उपरहार गांव निवासी लल्ला (38) किसान था। करीब सात साल पहले पड़ोसी गांव की युवती से उसकी शादी हुई थी। इनके दो बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार शनिवार को उसकी पत्नी करारी कोतवाली इलाके के एक गांव निवासी रिश्तेदार के साथ बच्चों को छोड़कर चली गई थी। जानकारी मिलने के बाद उसे सदमा लग गया। उसने अपने दोनों बच्चों को पड़ोसी गांव पन्ना का पूरा स्थित उनके ननिहाल भेज दिया। रविवार देर शाम उसने सोशल मीडिया में युवक की ओर से पत्नी की मांग में सिंदूर भरने का फोटो देखा तो उसके होश उड़ गए। पत्नी की बेवफाई से क्षुब्ध होकर लल्ला गांव के बाहर स्थित कुएं में जाकर कूद गया। इससे उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद परिजन रोते बिलखते हुए घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना के बाद पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत कर करीब डेढ़ बजे रात लल्ला के शव को कुएं से बाहर निकाला। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हालत बेहाल है। इंस्पेक्टर विनीत सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।