घर बैठे श्रमिक अपडेट करें बैंक खाता
डाउनलोड करें ऐप, पाएं एक हजार की मदद
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। श्रम विभाग में पंजीकृत निर्माण श्रमिक अपना बैंक खाता घर बैठे अपडेट कर सकते हैं। विभाग ने इसके लिए एक मोबाइल एप upbocw लांच किया है। इस एप को डॉउनलोड कर पंजीकृत व नवीनीकृत श्रमिक, जिन्हें 1000 रुपये की आर्थिक मदद नहीं मिली है। उन्हें बैंक खाता अपडेट करने के साथ ही एक हजार रुपये की आर्थिक मदद भी कुछ दिनों में मिल जाएगी।
उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से नवीनीकृत श्रमिकों को आपदा राहत सहायता योजना के तहत भरण-पोषण के लिए एक हजार रुपये की पहली किस्त भेजी गई है। लेकिन इसमें बड़ी बाधा बैंक खाते बन रहे हैं। दरअसल तमाम नवीनीकृत श्रमिकों के बैंक खाते अपडेट नहीं हैं। इस वजह से अभी तक सिर्फ 7,850 श्रमिकों के ही खातों में 1000 रुपये भेजे जा सके हैं। अन्य श्रमिकों के बैंक खातों का विवरण नहीं होने के कारण पैसा नहीं जा सका है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी शक्ति राय ने बताया कि एप को डॉउनलोड कर श्रमिक अपना खाता अपडेट कर आर्थिक मदद ले सकते हैं।
---------
प्ले स्टोर से डॉउनलोड करें एप
मंझनपुर। श्रमिक एप (upbocw app) को गूगल प्ले स्टोर से अपलोड करें। श्रमिक के विवरण के सत्यापन के लिए मोबाइल नंबर, पंजीयन संख्या व आधार संख्या भरने के बाद सत्यापित पर क्लिक करें । ओटीपी आएगा । सत्यापित करें। नाम आदि भरने के बाद फिर से ओटीपी आएगा। सत्यापित करते ही श्रमिक का बैंक खाता के कालम आ जाएंगे। श्रमिक अपने बैंक खाता का विवरण भरें। अपडेट पर क्लिक करें।