Worker dies due to falling of mound, fellow serious
- फोटो : KAUSHAMBI
मिट्टी का टीला गिरने से मजदूर की मौत, साथी गंभीर
कोखराज कोतवाली के सिकंदरपुर बजहा में हुआ हादसा
घायल मजदूर का जिला अस्पताल में कराया गया इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
मूरतगंज। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर बजहा गांव में ट्रैक्टर पर मिट्टी लोड कर रहे एक मजदूर की मौत हो गई जबकि उसका साथी जख्मी हो गया। जख्मी मजदूर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देख प्रयागराज रेफर कर दिया। हादसे से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया।
पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के काजीपुर गांव निवासी शिवलाल (20) पुत्र प्रेमचंद्र साथियों के साथ मिट्टी की ढुलाई कर भट्ठों में सप्लाई करता था। गुरुवार सुबह वह सिकंदरपुर बजहा में साथी मजदूर गाजी के साथ मिट्टी का खनन करने आया था। एक बड़े से टीले के बगल ट्रैक्टर सटाकर खड़ा करने के बाद दोनों लोग बेलचा से खनन करने लगे। इसी दौरान टीला दोनों मजदूरों के ऊपर भर-भराकर गिर गया। हादसा देख आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर किसी तरह दोनों को बाहर निकाला गया। घायलावस्था में उन्हें पीएचसी मूरतगंज लाया गया। यहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देख जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल में शिवलाल की मौत हो गई। गाजी की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। रवि ही घर का एकलौता कमाने वाला था। शिवलाल की मौत से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। शिवलाल की शादी नहीं हुई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।