Worker dies due to earthen mound collapse, partner serious
- फोटो : KAUSHAMBI
कोखराज कोतवाली के सिकंदरपुर बजहा गांव में सोमवार को ईंट भट्ठे के लिए मिट्टी खोद रहे दो मजदूर टीला ढहने से दब गए। घटना देख अन्य मजदूरों ने शोर मचाया तो मौके पर भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से मलबा हटवाकर नीचे दबे दोनों मजदूरों को बाहर निकलवाया। इलाज के लिए उन्हें सीएचसी मूरतगंज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।
पूरामुफ्ती कोतवाली के उजहिनी निवासी मूरत (35) मनौरी स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करता था। सोमवार को मूरत गांव के संजय, अजय और राजू के साथ सिकंदपुर बजहा स्थित एक टीले से मिट्टी की खोदाई कर रहा था। इस दौरान अचानक टीला ढहने से मूरत और राजू मलबे में दब गए। बाहर रहे अजय और संजय ने शोर मचाया तो मौके पर तमाम लोग पहुंचे।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से मलबा हटवाकर मजदूरों को बाहर निकलवाया। इलाज के लिए उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी मूरतगंज लाया गया, जहां चिकित्सक ने मूरत को मृत घोषित कर दिया। राजू की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की जानकारी के बाद मूरत के घरवाले भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। मूरतगंज चौकी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।