संदिग्ध हालात में महिला की मौत, हंगामा
- पिपरी कोतवाली के मनौरी गांव में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। पिपरी कोतवाली के मनौरी गांव में एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। महिला का किराएदार से विवाद चल रहा था। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने हंगामा किया। पुलिस ने तहरीर लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मनौरी गांव निवासी रानी देवी (60) की बृहस्पतिवार रात संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सुबह वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो प़ड़ोस में रहने वाले पट्टीदार पहुंचे। कमरे में देखा तो रानी देवी का शव पड़ा था। घटना को लेकर परिवार के लोग हंगामा करने लगे। उनका कहना था कि रानी देवी के यहां रहने वाला किराएदार पैसा नहीं देता है। पैसा मांगने पर वह अक्सर धमकी देता था। किराएदारों ने बहू व नाती के साथ मारपीट भी की थी। नाती ज्ञानसिंह की तहरीर पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।