संदीपनघाट कोतवाली क्षेत्र के असदुल्लागंज गांव में भूमि कब्जे के विवाद में महिला पर कुल्हाड़ी से हमला करने के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर नौ नामजद समेत 13 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
असदुल्लागंज गांव निवासी राजकुमार के मुताबिक सड़क किनारे स्थित सात फीट चौड़ी और 50 फीट लंबी भूमि को लेकर गांव के कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। आरोप है कि आठ अगस्त की सुबह भूमि के पास पहुंचे उसके भाई को गाली देकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी लेकर घर में घुस आए।
विरोध करने पर आरोपियों ने परिवार को धमकाया और उसकी पत्नी रवीना को बाल पकड़कर घसीटते हुए अपने घर ले गए। वहां मारपीट के दौरान अमर सिंह ने रवीना के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इससे वह बेहोश होकर गिर पड़ी। बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों पर भी ईंट-पत्थर चलाने का आरोप है। पुलिस ने अमर सिंह, गनेशदीन, रामसिंह, विजय कुमार, मिथुन, धर्मेंद्र, अजय, राजन और ऋषभ समेत चार महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।