शासन ने पीडब्ल्यूडी को दी स्वीकृति, इसी महीने शुरू हो सकता है निर्माण
फाेटो- 02
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। जिले की चार सड़कों का लोक निर्माण विभाग करीब 11.22 करोड़ से नवीनीकरण कराएगा। इसके लिए शासन ने स्वीकृति दे दी गई। इन सड़कों के ठीक होने जाने से राहगीरों को आने जाने में सहूलियत होगी।
पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड की जीटी रोड से कोर्रो होते हुए मंझनपुर तक आने वाली करीब नौ किमी सड़क का निर्माण करीब पांच साल पहले हुआ था। यह मार्ग राज्यमार्ग लालगंज-मंझनपुर-मऊ का ही एक हिस्सा है। निर्माण के बाद से लेकर अब तक यह सड़क कई जगह उखड़ चुकी है। पीडब्ल्यूडी किसी तरह पैचिंग कराकर काम चला रहा है। अब शासन ने इसके नवीनीकरण के लिए 2.44 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया है। इस राज्यमार्ग पर पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड की सरायअकिल से महिलाघाट की ओर करीब पांच किमी लंबी सड़क बदहाल है। इसके नवीनीकरण के लिए शासन ने 1.24 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किए हैं। इसके अलावा प्रांतीय खंड की करीब आठ किमी लंबे सिराथू से अफजलपुरवारी मार्ग काे 98.58 लाख और निर्माण खंड की 20 किमी लंबी तिल्हापुर-नेवादा-सरायअकिल मार्ग काे करीब 6.56 करोड़ रुपये से चमकाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी की ओर से इन सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अफसर लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले निर्माण शुरू कराने के प्रयास में जुटे हैं।
यातायात के मामले में काफी अहम हैं यह सड़कें
जिन चार सड़कों की पीडब्ल्यूडी की ओर से मरम्मत कराई जानी है, वह काफी अहम है। सुजातपुर में ओवरब्रिज के निर्माण के कारण फिलहाल जीटी रोड-कोर्रा मार्ग पर आवागमन कम है। अन्यथा, पहले इस पर भी दिन भर वाहन फर्राटा भरते थे। सुजातपुर के बद्री प्रसाद और रंजीत कुमार ने बताया कि मंझनपुर जाने का यह शार्टकट है। सड़क के नवीनीकरण के बाद आवागमन में सहूलियत मिलेगी। अफजलपुर पुरवारी के सद्दाम और पइंसा के अमृतलाल ने कहा कि सड़क की मरम्मत होने के बाद तहसील मुख्यालय आने-जाने में सहूलियत होगी।