विधान परिषद कौशाम्बी-इलाहाबाद के चुनाव के लिए जिले में तीन मार्च को मतदान होगा। मतदान में विधायक, सांसद, ग्राम प्रधान, बीडीसी, जिला पंचायत सदस्य और नगर पंचायत के सदस्य हिस्सा लेंगे। चार फरवरी से कलक्ट्रेट में नामांकन शुरू होगी। आयोग के आदेश पर जिला निर्वाचन अधिकारी सुजीत कुमार ने भी एमएलसी चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
जिले में पांचवें चरण में हो रहे विधानसभा चुनाव के बीच ही एमएलसी चुनाव का भी डंका बज गया है। सात मार्च को समाप्त हो रहे एमएलसी के कार्यकाल को देखते हुए आयोग ने चुनावी कार्यक्रम जारी कर दिया है। जिले में एमएलसी चुनाव के लिए चार से 11 फरवरी तक नाम किए जा सकेंगे। 14 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच और 16 फरवरी को नाम वापस लिए जा सकेंगे। तीन मार्च को सुबह आठ से शाम चार बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतों की गणना 12 फरवरी को कराई जाएगी।
दो हजार से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
विधान परिषद इलाहाबाद सीट का चुनावी कार्यक्रम जारी होते ही प्रशासन मतदाता सूची को अंतिम रूप देने में जुटा है। एमएलसी के लिए ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, नगर पंचायत के सदस्य, नगर पालिका के सदस्य, विधायक और सांसद मतदान करेंगे। प्रयागराज के कुछ विकास खंडों को मिलाकर गठित प्रयागराज एमएलसी सीट का आयोग ने गठन किया है। इसे देखते हुए चुनाव में जिले सहित प्रयागराज के कुछ विकास खंडों के प्रतिनिधि वोटिंग करेंगे। चुनाव में दोनों जिलों को मिलाकर दो हजार से अधिक मतदाता वोटिंग में हिस्सा लेंगे।
04 फरवरी को होगी नामांकन की शुरुआत
11 फरवरी को है नामांकन की अंतिम तिथि
14 फरवरी को होगी नामांकन पत्रों की जांच
16 फरवरी को हो सकेगी नामांकन वापसी
03 मार्च को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान
12 मार्च को होगी मतगणना
बैरिकेडिंग का लिया जायजा
विधानसभा चुनाव को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में शनिवार से बैरिकेडिंग शुरू कर दी गई है। एक फरवरी से कलक्ट्रेट परिसर में नामांकन शुरू होगा। रविवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सुजीत कुमार ने कलक्ट्रेट परिसर में की जा रही बैरिकेडिंग का जायजा लिया। साथ ही कार्य में लगे कर्मचारियों से तेजी से काम करने का निर्देश दिया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी जयचंद्र पांडेय सहित अन्य अफसर मौजूद रहे।
एमएलसी चुनाव को लेकर डीईओ ने अफसरों के साथ की बैठक
विधान परिषद चुनाव इलाहाबाद को लेकर रविवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सुजीत कुमार ने कलक्ट्रेट स्थित सम्राट उदयन सभागार में बैठक की। इसमें उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए दो चरणों में कार्यक्रम नियत कर दिए हैं। इलाहाबाद स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन प्रथम चरण में होना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी सुजीत कुमार ने कहा कि प्रथम चरण के निर्वाचन की अधिसूचना चार फरवरी निर्धारित है। नाम निर्देशन के लिए अंतिम तिथि 11 फरवरी, नाम निर्देशनों की जांच के लिए अंतिम तिथि 14 फरवरी, नाम वापसी के लिए अंतिम तिथि 16 फरवरी एवं तीन मार्च को मतदान और 12 मार्च को मतगणना की जाएगी। बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि वोटरों की सूची सत्यापन कराकर जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करा दें। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी जयचंद्र पांडेय, सभी खंड विकास अधिकारी, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।