आधा दर्जन सदस्यों पर मुकदमा, एक का घर ढहाया, कई के घर पर नोटिस चस्पा
मंझनपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना साेनकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले सदस्यों के खिलाफ फ्लोर टेस्ट से पहले प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई ने सियासी खलबली मचा दी। किसी के खिलाफ गैंगरेप तो किसी पर मारपीट व लूट की धाराओं में केस दर्ज किया गया। सदस्यों का आरोप है कि प्रशासन ने सत्ता के इशारे पर कार्रवाई की है।
जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ 20 सदस्य अविश्वास प्रस्ताव का हलफनामा दाखिल कर भूमिगत हो गए थे। अध्यक्ष खेमा इसे लेकर खासा परेशान था। मोबाइल बंद होने के कारण किसी से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। इसी बीच प्रशासन की ओर से अविश्वास का हलफनामा दाखिल करने वाले सदस्यों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू हो गई।
हफ्ते भर पहले कड़ा धाम कोतवाली में एक महिला ने जिला पंचायत सदस्य शेर मोहम्मद उर्फ शेरू व उसके दो साथियों के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज करा दिया। मंझनपुर कोतवाली में जिला पंचायत सदस्य सीमा देवी के पति अनिल अग्निहोत्री पर मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ। इसमें जिला पंचायत सदस्य सोनी चौधरी के पति प्रदीप चौधरी को भी आरोपी बनाया गया है।
जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी के खिलाफ पइंसा कोतवाली में मारपीट व एससी-एसटी का केस दर्ज कराया गया। अवैध निर्माण के आरोप में शुक्रवार को सरायअकिल थाना के जैतपुरपूरे हजारी गांव की जिला पंचायत सदस्य शायमा देवी का घर प्रशासन ने ढहा दिया। जिला पंचायत सदस्य तूफान यादव व जिला पंचायत सदस्य पूनम देवी के पति राजीव मौर्या को बंजर भूमि पर घर, स्कूल बना होने की नोटिस चस्पा कर दिया गया।
जिला पंचायत राज गौतम के भाई को पुलिस ने गांजा के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, जिला पंचायत सदस्य सुनीता निषाद के पति रणविजय निषाद प्राइमरी स्कूल में शिक्षक हैं। बीएसए ने अचानक उनकी छुट्टी निरस्त कर दी। जिला पंचायत सदस्य मुंसब अली उस्मानी के भाई पर लूट का आरोप लगा। 11 सदस्यों के खिलाफ हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले में सियासी खलबली है।