कड़ा ब्लॉक के थुलगुला गांव में बनाए जा रहे बरात घर के निर्माण में कार्यदायी संस्था मानकों की अनदेखी कर रही है। आरोप है कि विरोध करने पर कार्यदायी संस्था का ठेकेदार ग्रामीणों को धमकी दे रहा है। इससे नाराज ग्रामीणों ने रविवार को मौके पर एकजुट होकर बरात घर का निर्माण कार्य रुकवा दिया। शिकायत के बाद जांच करने पहुंचे बीडीओ ने भुगतान पर रोक लगा दी है।
थुलगुला गांव के कंधई लाल, शकुंतला देवी, छविलाल राही, कुलदीप कुमार, रामू , चंदन, रमेश चंद्र गौतम, शकुंतला देवी, इंद्ररानी, कुसुमा देवी, फूलकली, सवारा देवी, लखरानी, बेलपति, फुलिया आदि ग्रामीणों का कहना है कि बरात घर के निर्माण में नींव से लेकर बनाई गई दीवार तक में घटिया किस्म की ईंट लगाई गई है। सीमेंट का भी इस्तेमाल निर्धारित मानक से कम किया जा रहा है।
प्लास्टर के बाद दीवारें चटक गई हैं। इससे साफ है कि बरात घर एक तरफ बनकर तैयार होगा और दूसरी ओर दीवारें क्षतिग्रस्त होने लगेंगी। ऐसे में लिंटर पड़ने के बाद छत से पानी टपकने की भी आशंका है। इससे नाराज ग्रामीणों ने रविवार को मौके पर पहुंचकर बरात घर का निर्माण कार्य रुकवा दिया। साथ ही निर्धारित मानक के साथ गुणवत्ता के साथ बरात घर का निर्माण कराने की मांग की।
खंड विकास अधिकारी विजय शंकर तिवारी ने बताया की शिकायत मिलने पर जांच के लिए गया था। फिलहाल निर्माण कार्य व भुगतान रोक दिया गया है। जेई के प्रमाणपत्र व ग्रामीणों की संतुष्टि के बाद ही कार्य शुरू किया जाएगा।