Villagers came as helpers, took away two lakh tarpaulins
- फोटो : KAUSHAMBI
कोखराज कोतवाली के मलाक भायल के पास बृहस्पतिवार सुबह मानवता को शर्मसार करने वाली घटना हुई। कानपुर से माल लादकर प्रयागराज की ओर जा रही पिकअप कोहरे के कारण डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पिकअप चालक गाड़ी में जख्मी होकर तड़पता रहा, वहीं घटना देख मदद के लिए आए लोग पिकअप में लदी करीब दो लाख कीमत की तिरपाल लूट ले गए। चालक ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह एक पिकअप कानपुर की तरफ से कुछ समान लोड करके प्रयागराज की ओर जा रही थी। जैसे ही पिकअप कोखराज कोतवाली के मलाक भायल गांव के पास पहुंची डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से जख्मी होकर गाड़ी में तड़प रहा था। कोहरे के कारण राहगीर भी कम थे।
इस बीच स्थानीय कुछ लोग मदद को पहुंचे, लेकिन पिकअप में लदी तिरपाल देख उनकी नीयत डोल गई। लोगों ने चालक को अस्पताल पहुंचाने के बजाय पिकअप में लदे 52 गट्ठर तिरपाल पार कर दिए। इस बीच किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को इलाज के लिए भेजा और रास्ते से पिकअप को हटवाया।
देर शाम चालक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मददगार बनकर आए लोग उसकी गाड़ी में लदी करीब दो लाख कीमत का तिरपाल उठा ले गए हैं। घटना के बाबत एसपी राधेश्याम का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। फिलहाल वह प्रकरण का पता कराएंगे। घटना अगर सत्य है तो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।