नगर पंचायत करारी के चार वार्डों और बगल के दो गांवों में ट्रांसफार्मर के फुंकने से अंधेरा कायम हो गया है। बिजली न मिलने से कस्बे और ग्रामीण उपभोक्ताओं का हाल बेहाल है। मामले की शिकायत उपभोक्ताओं ने जेई से लेकर एक्सईएन से की। पखवारे भर का समय बीतने के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इसे लेकर उपभोक्ताओं में महकमे के जिम्मेदार के प्रति नाराजगी है।
नगर पंचायत करारी के इंदिरा नगर मोहल्ले में चार सौ केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। इस ट्रांसफार्मर से इंदिरा नगर, सोनारन टोला, किंग नगर, अशोक नगर को आपूर्ति दी जाती है। इसी ट्रांसफार्मर से पड़ोसी गांव चकहिंगुई और गुलाम नूर का पूरा के उपभोक्ताओं को बिजली दी जाती है। पखवारे भर पहले यह ट्रांसफार्मर अचानक फुंक गया। ट्रांसफार्मर के फुंकने से कस्बे के चार वार्डों और बगल के दो गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई।
कस्बे के मनीष वर्मा, मोहन श्याम, श्याम सुंदर, मकसूद अहमद आदि उपभोक्ताओं का आरोप है कि मामले की शिकायत कई बार की गई पर समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। पखवारे भर से ठप बिजली आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं में महकमे के जिम्मेदारों के प्रति नाराजगी है।
रात भर भी नहीं चल सका बदला गया ट्रांसफार्मर
स्थानीय कस्बे के इंदिरा नगर मोहल्ले का फुंका ट्रांसफार्मर चार दिन पहले जिम्मेदारों ने बदलवाया। स्थानीय उपभोक्ताओं की माने तो चार वार्ड और दो गांवों की आपूर्ति जुड़े होने के कारण ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो जाता है। इसके चलते बदला गया ट्रांसफार्मर रात भर भी नहीं चल सका। कस्बे के निहाल, बच्चा आदि उपभोक्ताओं का आरोप है कि ओवर लोड के चलते फुंके ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए दोबारा कोई पहल महकमे के जिम्मेदारों ने नहीं की। उधर भीषण गर्मी में बिजली न मिलने के कारण उपभोक्ताओं की नींद हराम है।