बेकाबू कार ने बिजली के खंभे में मारी टक्कर, 16 गांवों की आपूर्ति ठप
शुक्रवार रात करन चौराहे पर हुआ हादसा, चालक कार छोड़कर फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
सरायअकिल। स्थानीय कस्बे के करन चौराहा पर शुक्रवार रात एक बेकाबू कार ने बिजली के खंभे में टक्कर मार दी। इससे दो खंभे व ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इससे 16 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पोल से टकराने के बाद कार एक दुकान में घुस गई। जिससे हजारों रुपये का सामान भी नष्ट हो गया। चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
शुक्रवार रात करीब 12: 30 बजे करन चौराहा के समीप एक कार अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर लगे बिजली के पोल से टकरा गई। इससे दो पोल व 63 केवीए का ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। इस वजह से क्षेत्र के करन चौराहा, चित्तापुर, हर्रायपुर, चौपुरवा, रक्सराई, नंदौली, जाठी, फैजुल्लापुर, मवई, अठरहा, उरई, पहड़िया आदि 16 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता अतुल श्रीवास्तव ने थाने में चालक के खिलाफ तहरीर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक नशे में धुत था। पोल में टक्कर मारने के बाद कार समीप में ही राकेश केसरवानी व विजय केसरवानी की दुकान में घुस गई। इससे हजारों रुपये का सामान भी बर्बाद हो गया। वहीं अवर अभियंता सरायअकिल अतुल श्रीवास्तव का कहना है कि शनिवार शाम तक सभी गांवों की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। ट्रांसफार्मर मंगाया गया है। रविवार को करन चौराहे की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।