हादसे में घायल दो युवकों की मौत, मुकदमा दर्ज
-पिपरी कोतवाली के चलौली पेट्रोल पंप के पास 23 दिसंबर को हुआ था हादसा
ऑटो चालक पर लापरवाही का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। पिपरी कोतवाली के चलौली पेट्रोल पंप के पास 23 दिसंबर को हुए सड़क हादसे में जख्मी दो अन्य मजदूरों की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। इसी के साथ मृतकों की संख्या तीन पहुंच गई। सोमवार रात को पुलिस ने घायल मजदूर की तहरीर पर लापरवाह ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
करारी कोतवाली के बंधुरी रसूली निवासी गुलाम ने बताया कि 23 दिसंबर की सुबह वह गांव के फुल्ली, रामराज, अरविंद, राजू, बिहारी, मोहित समेत दस श्रमिक मजदूरी करने के लिए ऑटो से प्रयागराज जा रहे थे। ऑटो चालक संतलाल लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। नतीजतन पिपरी कोतवाली के चलौली पेट्रोल पंप के पास बेकाबू ऑटो सामने से जा रहे ट्रक से टकराकर पलट गया। हादसे में साथ रहे मोहित की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। जबकि, अन्य सभी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें से गंभीर रूप से घायल राजू व अरविंद को इलाज के लिए एसआरएन प्रयागराज में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। गुलाम का आरोप है कि ऑटो चालक की लापरवाही से तीन लोगों की मौत हुई है। मंगलवार को गुलाम की तहरीर पर पिपरी पुलिस ने बंधुरी रसूली निवासी ऑटो चालक संतलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।