बैंक ग्राहकों को लूटने वाले दो शातिर बदमाशों को गुरुवार शाम नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से दो बाइक और 30 हजार रुपया नगद बरामद किया गया है। लूट की दो व बाइक चोरी की एक घटना का खुलासा भी हो गया है।
मंझनपुर कोतवाल उदयवीर सिंह गुरुवार शाम टेवां स्थित पोस्टमार्टम हाउस के समीप वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान दो संदिग्ध बाइक सवार दिखाई पड़े। पुलिस ने रोकना चाहा तो वे भागने लगे। ऐसे में सिपाहियों ने दौड़ाकर शिवनारायण पुत्र छंगूलाल व मनोज यादव पुत्र हीरालाल निवासीगण अलवारा थाना महेवाघाट को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि 25 मई को टेंवां गांव की मंजू व सोमा स्थानीय बैंक शाखा से 50 हजार रुपया निकालकर पैदल घर जा रही थीं। बैंक शाखा के समीप ही तमंचे के दम पर उनसे रुपये लूटे थे। तीन दिन पहले पश्चिमशरीरा के गोराजू में बैंक से घर जा रही कल्लो देवी से 10 हजार रुपया लूट लिया था।
बदमाशों ने बताया कि बैंक ग्राहकों पर वह नजर रखते हैं और उन्हीं को निशाना बनाते हैं। करीब तीन महीने पहले चरवा के सैयद सरावां से इन्होंने एक बाइक चोरी की थी। जो बरामद हो गई है। पास मिली दूसरी बाइक की नम्बर प्लेट बदली हुई थी। शुक्रवार दोपहर अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बदमाशों को मीडिया के सामने पेश किया। इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।