सैनी कोतवाली के अलग-अलग स्थानों पर रविवार रात हुए सड़क हादसों में वृद्ध श्रद्धालु समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि, एक अन्य जख्मी हो गया। सूचना के बाद आई पुलिस ने जख्मी युवक को अस्पताल में भर्ती कराया।
पइंसा उदहिन बुजुर्ग निवासी दशरथ लाल का 25 वर्षीय बेटा अरविंद कनवार निवासी रिश्तेदार संजय (20) पुत्र पंचम के साथ रविवार को बाइक से फतेहपुर गए थे। रात करीब सात बजे घर वापस लौटते समय अजुहा के भौंतर मोड़ के समीप पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी।
जोरदार टक्कर लगने से अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजय गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना के बाद आई पुलिस ने घायल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज मंझनपुर भेजा है।
दूसरी घटना केशरिया गांव के समीप की है। यहां करीब साढ़े आठ बजे प्रयागराज महाकुंभ स्नान के लिए जा रहे फतेहपुर जनपद के खागा कोतवाली अंतर्गत बिहारीपुर निवासी 76 वर्षीय वासुदेव को हाईवे पार करते समय अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
जोरदार टक्कर लगने से वृद्ध श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को खबर करने के साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।