मंझनपुर। लोकसभा चुनाव में मतदान ड्यूटी पर लगाए गए पीठासीन अधिकारियों का प्रशिक्षण शुक्रवार से शुरू हो रहा है। प्रशिक्षण भरवारी के भवंस मेहता डिग्री कालेज में आयोजित होगा। चार दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में सभी मतदान अधिकारियों का पहुंचना जरूरी है।
दो पालियों में आयोजित हो रहे इस प्रशिक्षण शिविर में शुक्रवार पांच अप्रैल को प्रथम पाली में सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का सामान्य प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रथम पाली में कोड संख्या 01 से लेकर 400 तक व द्वितीय पाली में कोड संख्या 401 से 800 तक मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
छह अप्रैल को प्रथम पाली में कोड संख्या 801 से 1200 तक व द्वितीय पाली में 1201 से 1600 मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। सात अप्रैल को प्रथम पाली में कोड संख्या 1601 से 2000 तक व द्वितीय पाली में 2001 से 2400 तक मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। आठ अप्रैल को प्रथम पाली में कोड संख्या 2401 से 2800 तक व द्वितीय पाली में 2801 से 3146 तक मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी मतदान अधिकारियों को पहुंचना अनिवार्य होगा। प्रशिक्षण में भाग नहीं लेने वाले मतदान अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।