कोतवाली के सामने बह रहे नाले के पानी का पाइप हटाता मजदूर। संवाद
समदा मार्ग पर नगर पालिका की ओर से पिछले चार-पांच दिनों से नाला खुदाई का कार्य चल रहा है, लेकिन काम की धीमी गति से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इस मार्ग से डीएम-एसपी सहित कई अधिकारियों का रोजाना आवागमन होता है। इसके बावजूद निर्माण कार्य में लापरवाही बरकरार है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नाला निर्माण का काम बहुत सुस्त गति से चल रहा है, जिससे सड़क पर आवाजाही प्रभावित हो रही है। खुदाई के कारण मार्ग संकरा हो गया है और वाहन चालकों को जाम व दुर्घटना के खतरे का सामना करना पड़ रहा है। पैदल राहगीरों को भी काफी दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
निर्माण के दौरान नाले का गंदा पानी पाइप के जरिये सड़क पर बहाया जा रहा है। इससे मार्ग पर कीचड़ और दुर्गंध फैल रही है, जिससे दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। राहगीर दीपक, सुरेश, झल्लर और पंकज सहित अन्य लोगों का कहना है कि बदबू के कारण आसपास खड़ा होना भी मुश्किल हो गया है।
:: समदा मार्ग पर नाला निर्माण कार्य जारी है। कुछ तकनीकी कारणों से कार्य की गति प्रभावित हुई थी, जिसे अब तेज कराया जा रहा है। जल्द ही निर्माण पूरा कराकर आवागमन सुचारु कर दिया जाएगा और लोगों को हो रही परेशानी दूर की जाएगी। - बीरेंद्र सरोज उर्फ फौजी, नगर पालिका अध्यक्ष
कोतवाली के सामने बह रहे नाले के पानी का पाइप हटाता मजदूर। संवाद