मंझनपुर (ब्यूरो)। नेपाल के भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए आरएसएस के स्वयंसेवक गांवों में घूमकर चंदा जुटाने में जुट गए हैं। स्वयंसेवकों ने सोमवार को करारी और आसपास के दर्जन भर गांवों में घूमकर चंदा इकट्ठा किया। संघ के जिला प्रचारक ने बताया कि पीड़ितों के लिए चंदा जुटाने का यह कार्यक्रम पांच दिनों तक चलेगा। इसके बाद इकट्ठा की गई धनराशि पीड़ितों को भेजी जाएगी।
बता दें कि नेपाल में 25 अप्रैल को आए भीषण भूकंप में बड़ी तबाही हुई है। इसमें लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। दुख की इस घड़ी में आरएसएस ने पीड़ितों की मदद के लिए गांवों में घूमकर चंदा एकत्र करना शुरू किया है। सोमवार को संघ के जिला प्रचारक विनीत कुमार और भाजपा नेता अभिषेक तिवारी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने करारी कस्बे का भ्रमण कर लोगों से चंदा जमा किया।
इससे पहले कार्यकर्ताओं ने पश्चिमशरीरा इलाके के कुम्हियावां, पूरबशरीरा, लौगावां, बक्शीपार, अजरौली, डकशरीरा आदि गांवों से भी राहतराशि इकट्ठी की। जिला प्रचारक विनीत कुमार ने बताया कि पीड़ितों की मदद करना जन-जन की नैतिक जिम्मेदारी है। अभिषेक तिवारी ने भी सभी लोगों से पीड़ितों की मदद में जुटने का आह्वान किया। इस मौके पर रमेश चंद्र शर्मा, हरीश गुप्ता, संजय जायसवाल, सोनू जायसवाल, विपिन चंद्र पाल, छोटेलाल, राजकरन पांडेय, अजय पांडेय आदि मौजूद रहे।