पिपरी कोतवाली में तैनात फालोवर की शिकायत पर एसपी ने कार्रवाई करते हुए छेड़खानी के आरोपी दीवान और दो अन्य सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। पूरे मामले की जांच सीओ चायल को सौंपी गई है। आरोपी सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई होने के बाद फालोवर ने कोतवाली के मेस में खाना बनाना शुरू कर दिया है।
पिपरी कोतवाली में तैनात फालोवर ने एसपी से शिकायत करते हुए बताया था कि वह पड़ोस के ही एक गांव का रहने वाला है। जबकि उसके दादा गांव के चौकीदार हैं। फालोवर का आरोप है कि थाने में तैनात दीवान उसकी पत्नी पर बुरी नजर रखते हैं। वह आए दिन रात के समय उसके घर जाकर पत्नी से दरवाजा खुलवाते हैं और छेड़खानी का प्रयास करते हैं। थाने में तैनात दीवान की इस हरकत का विरोध जब पीड़ित फालोवर और उसकी पत्नी ने किया तो उसे चुप रहने और विरोध करने पर फर्जी मुकदमे में फंसा देने की धमकी दी गई।
आरोप है कि दो तीन दिन पहले आरोपी सिपाहियों ने फालोवर पर रुपये चोरी करने का आरोप लगा कर उसके साथ मारपीट किया और फर्जी मुकदमे में फंसा कर जेल भेजने की धमकी दी। पुलिसकर्मियों की इस करतूत से फालोवर भड़क उठा और कोतवाली के मेस में काम करना बंद कर दिया। रविवार को नाराज फालोवर ने एसपी से मुलाकात कर दीवान और दो सिपाहियों के खिलाफ शिकायत की थी।
मामला मीडिया की सुर्खियां बनने पर हरकत में आए पुलिस अधीक्षक राधेश्याम ने कार्रवाई करते हुए दीवान अखिलेश्वर सिंह, सिपाही योगेश सिंह और विभूति नारायण त्यागी को निलंबित कर कर दिया है। एसपी ने बताया कि फालोवर की शिकायत पर प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए आरोपी सिपाहियों को निलंबित करते हुए मामले की जांच सीओ चायल को सौंपी गई है।
तीन दिन बाद जले कोतवाली मेस के चूल्हे
पिपरी कोतवाली में दीवान और दो अन्य सिपाहियों की हरकत से तंग आकर भड़के फालोवर ने कोतवाली के मेस में खाना बनाना बंद कर दिया था। इससे कोतवाली के मेस में पिछले तीन दिनों से चूल्हे नहीं जल रहे थे। सोमवार की दोपहर बाद जब एसपी ने तीनों आरोपियों को निलंबित कर दिया तो फॉलोवर का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद इंस्पेक्टर और अन्य पुलिस कर्मियों के समझाने पर फालोवर ने सोमवार की शाम मेस के चूल्हे जलाए और सभी के लिए खाना बनाया। मेस चालू होने के बाद पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली।
किशोरी से दुष्कर्म, उलाहना देने पर पिता को पीटा
कोखराज कोतवाली इलाके के एक गांव में रहने वाली किशोरी के साथ गांव के युवक ने सरेराह छेड़खानी की। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी भाग निकला। घर पहुंची किशोरी ने आपबीती परिजनों को बताई। घटना का उलाहना देने किशोरी का पिता आरोपी के घर पहुंचा तो उसे पीटा गया। पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इलाके के एक गांव में रहने वाली किशोरी का कहना था कि नौ सितंबर को खेत से मवेशियों के लिए चारा काटकर घर लौट रही थी। इस बीच मिथलेश ने सरेराह उसके साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। उसके शोर मचाने पर खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग निकला। इसकी जानकारी जब उसने अपने पिता को दी तो वह मिथलेश के यहां उलाहना देने पहुंचा।
आरोप है कि आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसे जमकर पीटा। घटना की शिकायत के बाद भी पुलिस ने घटना की रिपोर्ट नहीं दर्ज की। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।