सदर ब्लॉक प्रमुख समेत तीन लोगों के खिलाफ दो साल तक सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज हो गया है। बृहस्पतिवार को इलाके की एक किशोरी ने इसकी शिकायत एडीजी प्रयागराज से की थी। केस दर्ज होने के बाद पुलिस तहकीकात में जुट गई है।
करारी इलाके को एक किशोरी ने बृहस्पतिवार को एडीजी प्रयागराज को दिए गए शिकायती पत्र में कहा था कि उसका सगा चाचा उसके साथ दुष्कर्म करता था। आरोप है कि सदर ब्लॉक प्रमुख ने भी दो साल तक उसके साथ दुष्कर्म किया।
प्रमुख का गनर भी इसमें शामिल था। यह सिलसिला उसके साथ दो साल तक चला। इस दौरान जब वह गर्भवती हुई तो उसे गर्भपात की दवा खिला दी गई। किशोरी को किसी से शिकायत करने पर बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। बृहस्पतिवार को पीड़िता ने एडीजी से शिकायत कर केस दर्ज करने की मांग की। एडीजी प्रयागराज के निर्देश पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
- करारी क्षेत्र की एक किशोरी ने सदर ब्लॉक प्रमुख समेत तीन लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पीड़िता की तहरीर पर सुसंगत धाराओ में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की गहराई से जांच कर उचित कार्रवाई करेगी। - डॉ केजी सिंह, सीओ मंझनपुर